पालघर सड़क हादसा: टेंपो चालक की लापरवाही से 14 लोगों की मौत, पुलिस ने दी जानकारी

पालघर, 18 मई । मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर पालघर जिले के डहाणू तहसील अंतर्गत धाणीवरी गांव के पास कंटेनर बाइक को टक्कर मारने के बाद टेंपो पर पलट गया। इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस हादसे के पीछे टेंपो चालक की ही गलती बताई जा रही है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, डहाणू के बापुगांव से एक परिवार साखरपुड़ा कार्यक्रम के लिए धाणीवरी जा रहा था। बताया जा रहा है कि करीब एक किलोमीटर का लंबा रास्ता बचाने के लिए टेंपो चालक ने गलत दिशा से वाहन ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान गुजरात से मुंबई की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर पहले एक बाइक सवार को कुचलते हुए टेंपो पर पलट गया।

कंटेनर और टेंपो के नीचे दबने से 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज कासा उपजिला अस्पताल और धुंदलवाडी स्थित वेदांता अस्पताल में जारी है। पुलिस के मुताबिक टेंपो में 30 से 40 लोग सवार थे।

हादसे की जानकारी मिलते ही पालघर के विधायक राजेंद्र गावित और पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घायलों को हरसंभव इलाज उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने कहा कि प्रथमदृष्टया हादसा टेंपो चालक की गलती से हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि जांच के बाद ही दुर्घटना का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

विधायक राजेंद्र गावित ने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर जारी कंक्रीटीकरण का काम अधूरा होने के कारण जगह-जगह दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री और पालकमंत्री से चर्चा कर अधूरे कार्य को जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा, "मैंने कई बार ट्रामा केयर सेंटर की मांग की है, लेकिन अभी तक यह सुविधा चालू नहीं हो पाई है। स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग हादसे में घायल लोगों की जान बचा पाना मुश्किल हो जाता है।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement