ग्रेटर नोएडा वेस्ट में दर्दनाक हादसा, 14वीं मंजिल से गिरकर दो मजदूरों की मौत

ग्रेटर नोएडा, 22 अगस्त । ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित गोल्फ होम्स सोसाइटी में शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन हिस्से में काम कर रहे दो मजदूर 14वीं मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उपचार के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, घटना 22 अगस्त 2026 को गोल्फ होम्स सोसाइटी में निर्माण कार्य के दौरान हुई। काम करते समय दो मजदूर अचानक 14वीं मंजिल से नीचे गिर गए। ऊंचाई से गिरने के कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हालांकि, उनकी हालत बेहद गंभीर होने के कारण चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके। पुलिस ने निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है।

मृतकों की पहचान सरकार पुत्र अब्दुल खालिक सरकार और जमाल शेख पुत्र अब्दुल हौसले के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक सरकार निवासी कलामती, थाना साहिबगंज, जिला कूच बिहार का रहने वाला था और उसकी उम्र करीब 19 वर्ष थी। वहीं दूसरे मृतक जमाल शेख की उम्र करीब 45 वर्ष बताई गई है। दोनों मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बिसरख थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस की ओर से मामले में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसा किस परिस्थितियों में हुआ और निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल बिसरख थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पीकेटी/एएमटी

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter