लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे का सीएम योगी ने लिया संज्ञान, बिहार के पुलिसकर्मी और कैदी समेत 6 की मौत

उन्नाव, 26 मई । उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि 15 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

यह हादसा औरास थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 262 पर हुआ। बताया जा रहा है कि बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

पुलिस के अनुसार, हादसे में मरने वालों में एक दारोगा और एक कैदी भी शामिल हैं। मृतक दारोगा की पहचान रामचंद्र के रूप में हुई है, जो बिहार के सिवान जिले के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वह कैदी छत्रपाल को लेकर दिल्ली गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बाद में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया जबकि कुछ लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका है कि चालक का बस से नियंत्रण हटने के चलते यह हादसा हुआ।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव स्थित लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे का तत्काल संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने हादसे में छह लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, प्रशासन को घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के भी निर्देश दिए हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement