उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन और पीएम मोदी ने तेलंगाना के सूर्यापेट में हुई बस दुर्घटना पर जताया दुख

नई दिल्ली, 26 अगस्त । उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में हुई बस दुर्घटना में 6 यात्रियों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की भी कामना की।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "तेलंगाना के सूर्यापेट में हुए दुखद सड़क हादसे से बहुत दुख हुआ। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।"

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने बयान में कहा कि तेलंगाना के सूर्यापेट में हुए हादसे के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। उन्होंने कहा, "मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहा हूं।"

बता दें कि सूर्यापेट जिले में हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर बुधवार तड़के एक प्राइवेट बस ने कंटेनर को टक्कर मारी। बताया गया कि जब बस हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी, उसी समय वह आगे चल रहे कंटेनर जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के समय बस में 42 यात्री सवार थे। इनमें से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 20 लोग घायल हुए। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लिया और घायलों को जल्द नजदीकी अस्पताल के लिए भेजा। घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई गई, जिसके चलते उन्हें आगे के इलाज के लिए विजयवाड़ा भेजा गया।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सूर्यापेट जिले में हुई इस सड़क दुर्घटना पर दुख जताया है। तेलंगाना सीएमओ (मुख्यमंत्री कार्यालय) के अनुसार, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही, उन्होंने मुख्य सचिव को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter