ग्रेटर नोएडा: अनियंत्रित होकर नहर में गिरी थार, महिला की डूबने से मौत, पति गंभीर

ग्रेटर नोएडा, 27 जुलाई । ग्रेटर नोएडा में दनकौर थाना क्षेत्र के भट्टा गांव के पास एक थार कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में कार में सवार महिला की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति को स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह नहर से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी मोहित और रीना थार कार से कहीं जा रहे थे। जब उनकी कार भट्टा गांव के पास पहुंची, तभी किसी कारणवश चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और थार सीधे नहर में जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार धीरे-धीरे पानी में डूबने लगी। जब तक लोग मौके पर पहुंचते और राहत कार्य शुरू होता, तब तक कार पूरी तरह पानी में समा चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ ही दोनों को बचाने का प्रयास शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद मोहित को कार से बाहर निकाल लिया गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उसकी हालत गंभीर बताते हुए इलाज कर रहे हैं। हालांकि कार में फंसी रीना को समय रहते बाहर नहीं निकाला जा सका और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दनकौर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार को नहर से बाहर निकलवाया और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि तकनीकी खराबी, तेज रफ्तार या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने कुछ समय पहले हुए युवराज मेहता हादसे की याद भी ताजा कर दी, जिसमें वाहन के पानी में गिरने से जान चली गई थी।

लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों ने नहरों के किनारे सड़क सुरक्षा और सुरक्षा इंतजामों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर किनारे कई स्थानों पर मजबूत रेलिंग और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement