अदाणी पोर्ट्स की बड़ी उपलब्धि, पार किया 500 मिलियन टन कार्गो का ऐतिहासिक आंकड़ा

अहमदाबाद, 1 अप्रैल। अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) ने बुधवार को बताया कि उसने 500 मिलियन टन कार्गो हैंडलिंग का एक ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है। 

साल 1998 में एक पोर्ट के विजन से शुरू हुई यह कंपनी आज भारत और विदेशों में फैले 19 पोर्ट्स और टर्मिनल्स के नेटवर्क तक पहुंच चुकी है। एपीएसईजेड आज भारत के व्यापार, औद्योगिक विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही है।

अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा, "पोर्ट्स सिर्फ व्यापार के गेटवे नहीं होते, बल्कि वे देश के आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा और भविष्य के द्वार भी हैं। मैं अपने ग्राहकों, साझेदारों और एपीएसईजेड परिवार के प्रत्येक सदस्य का अभारी हूं, जिनके समर्पण और विश्वास ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है।"

इसके साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों का भी आभार जताया, जिनकी नीतियों और इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रति प्रतिबद्धता ने एपीएसईजेड की मजबूत नींव तैयार की।

यह उपलब्धि कंपनी के विकास में एक अहम मील का पत्थर है और यह भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर आधारित विकास की ताकत को भी दर्शाता है। यह केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि एक मजबूत और आधुनिक लॉजिस्टिक्स प्लेटफॉर्म के निर्माण की कहानी है।

गौतम अदाणी ने कहा कि 500 मिलियन टन का आंकड़ा पार करना भारत की विकास यात्रा में कंपनी के लंबे भरोसे को दिखाता है। उन्होंने बताया कि एपीएसईजेड ने सिर्फ पोर्ट्स ही नहीं बनाए, बल्कि रेल, सड़क, ट्रकिंग, वेयरहाउस और कार्गो नेटवर्क के साथ एक मजबूत लॉजिस्टिक्स सिस्टम तैयार किया है।

500 मिलियन टन तक पहुंचने का सफर भी काफी खास रहा है। कंपनी को पहले 100 मिलियन टन तक पहुंचने में 16 साल लगे, लेकिन इसके बाद हर 100 मिलियन टन का आंकड़ा पहले से तेजी से हासिल किया गया, जो कंपनी की बढ़ती क्षमता और दक्षता को दिखाता है।

इस उपलब्धि के साथ एपीएसईजेड अब 2030 तक 1 बिलियन टन कार्गो हैंडलिंग के अपने अगले बड़े लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है।

कंपनी वर्तमान में भारत के पश्चिम, दक्षिण और पूर्वी तटों पर 15 प्रमुख पोर्ट्स और टर्मिनल्स का संचालन करती है। इसके साथ ही 127 जहाजों का मरीन फ्लीट, 12 मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, 31 लाख वर्ग फुट वेयरहाउस और 25,000 से अधिक ट्रकों का नेटवर्क भी इसके पास है।

एपीएसईजेड का लक्ष्य आने वाले समय में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और सेवाएं प्रदान करते हुए भारत की आर्थिक प्रगति में और बड़ा योगदान देना है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement