यूएस ट्रेड प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर भारत आए, पीयूष गोयल ने कहा- द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर होगी सार्थक चर्चा

नई दिल्ली, 23 जून । यूएस ट्रेड प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर के सोमवार भारत आने पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आपका और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर एवं प्रतिनिधिमंडल का भारत के वाणिज्य विभाग में स्वागत है। आगामी चर्चा में द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सार्थक बातचीत होने की उम्मीद है।

केंद्रीय मंत्री गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अमेरिकी राजदूत गोर की पोस्ट को कोट करते हुए लिखा, "यूएस ट्रेड प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर एवं प्रतिनिधि मंडल का भारत के वाणिज्य विभाग में स्वागत है। भारत-अमेरिका के बीच आगामी चर्चा में द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सार्थक बातचीत होने की उम्मीद है।"

वहीं, गोर ने लिखा कि आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और यूएस ट्रेड प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर के साथ मिलकर अच्छा लगा। अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील को अंतिम रूप देने पर बातचीत जारी है।

इससे पहले एक पोस्ट में ग्रीर का भारत में स्वागत करते हुए गोर ने लिखा था कि अपने महत्वाकांक्षी व्यापार एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए आपका यहां स्वागत है। हम एक मजबूत द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे दोनों देशों के लिए नए आर्थिक अवसर खुलेंगे और अमेरिका-भारत आर्थिक साझेदारी और भी मजबूत होगी।

इससे पहले सोमवार को गोर ने कहा था कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ग्रीर नई दिल्ली में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ कई दौर की बैठकें करेंगे। इन बैठकों का उद्देश्य अगले महीने लागू होने वाली महत्वपूर्ण टैरिफ समयसीमा से पहले व्यापार समझौते को आगे बढ़ाना है।

ग्रीर की पीयूष गोयल के साथ बातचीत ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के ढांचे को अगले महीने की महत्वपूर्ण टैरिफ समयसीमा से पहले अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं।

मंत्रिस्तरीय स्तर की यह बैठक भारत और अमेरिका के बीच चल रही अंतरिम व्यापार समझौते की बातचीत का हिस्सा है। माना जा रहा है कि यह अंतरिम समझौता भविष्य में व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते का रास्ता तैयार करेगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter