महाराष्ट्र : बारिश के कारण पालघर में 4 जुलाई को सभी स्कूल-कॉलेज बंद, जिला प्रशासन का बड़ा फैसला

मुंबई, 3 जुलाई। मुंबई में पिछले दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है, जिसके तहत शनिवार को पालघर जिले के सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।

दरअसल, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा पालघर जिले के लिए जारी रेड अलर्ट और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने शनिवार को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 तथा स्कूल शिक्षा एवं खेल विभाग के शासन निर्णय के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है।

दरअसल, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 4 और 5 जुलाई के लिए पालघर जिले में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा तथा कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और संभावित खतरे को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है।

आदेश के अनुसार, जिले की सभी आंगनवाड़ी, सरकारी एवं निजी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय, जिला परिषद स्कूल, नगर पालिका स्कूल, अनुदानित एवं गैर-अनुदानित विद्यालय, आश्रमशालाएं, सभी महाविद्यालय तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) शनिवार को बंद रहेंगे।

हालांकि, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी निर्धारित कार्यालय समय में उपस्थित रहेंगे तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशानुसार आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों से जुड़े दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

यह आदेश शुक्रवार को पालघर जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष डॉ. इंदु रानी जाखड़ द्वारा तत्काल प्रभाव से जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और मौसम विभाग व प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement