उत्तर प्रदेश: श्रावस्ती में ट्रकों के बीच आमने-सामने की टक्कर, दो चालकों की मौत

श्रावस्ती, 3 जुलाई । उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर दो ट्रकों के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई। इस हादसे में दोनों ट्रक चालकों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। एक घर के बाहर चारपाई पर आराम कर रहे तीन लोग भी इस टक्कर की चपेट में आकर घायल हो गए। सभी को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

यह हादसा श्रावस्ती के नवीन मोर्डन थाना क्षेत्र में विजईपुर के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एक ट्रक में लकड़ियां लदी थीं। टक्कर के बाद सड़क पर भी लकड़ियां बिखर गईं। इस दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने घायलों को बाहर निकाला। जेसीबी मशीन की मदद से एक ट्रक ड्राइवर को कई घंटों की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। बाद में पुलिस ने एंबुलेंस से सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इस दौरान, पुलिस ने हाईवे पर ट्रैफिक को सामान्य करने की कोशिश की।

एक ट्रक ड्राइवर के सहयोगी ने आईएएनएस को बताया कि उसके ट्रक में कुल तीन लोग थे। वह और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं, जबकि साथी ड्राइवर की मौत हो गई है। युवक ने बताया कि वह ट्रक में लकड़ी लेकर सिद्धार्थनगर से तम्बौर जा रहे थे। उसने बताया कि नींद लगने के कारण यह हादसा हुआ है।

वहीं, घर के बाहर आराम करने वाले तीन लोग घायल हैं। एक महिला ने बताया कि सुबह तीन लोग बाहर आराम कर रहे थे, तभी अचानक दुर्घटना हुई। इसमें तीनों लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घटना के बाद तीनों को निकाला गया और अस्पताल भेजा गया है।

इससे पहले, उत्तर प्रदेश के एटा जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। एटा के जिलाधिकारी अरविंद सिंह के अनुसार, एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र में किलरमऊ के नजदीक एक तेज रफ्तार कैंटर ने सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस को पीछे से टक्कर मारी थी।

उन्होंने बताया कि बस के अंदर बैठे यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन सड़क किनारे खड़े यात्रियों में से कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चार यात्रियों को मृत घोषित किया। जिलाधिकारी ने बताया कि कुल 11 यात्री घायल हैं और एक यात्री की स्थिति गंभीर है। सभी का इलाज जारी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement