हिमाचल प्रदेश: कुल्लू के निरमंड में भारी बारिश का कहर, राजकीय

कुल्लू, 3 अगस्त । जिला कुल्लू के निरमंड खंड में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। लगातार हुई बारिश के चलते राजकीय प्राथमिक विद्यालय पांकवा का एक भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर जमींदोज हो गया। स्कूल परिसर के आसपास भारी मात्रा में मलबा और पानी जमा हो गया है, जबकि ऊपरी क्षेत्र से अब भी लगातार मलबा नीचे आ रहा है, जिससे स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।

विद्यालय भवन को हुए भारी नुकसान के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल क्षेत्र में खतरा बना हुआ है और आसपास का माहौल भयावह नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक राहत एवं सुरक्षा उपाय किए जाएं। साथ ही विद्यालय परिसर को सुरक्षित घोषित किए जाने तक बच्चों की पढ़ाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से भी सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में न जाने की अपील की गई है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान लगातार हो रही भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से करीब 1000 करोड़ के नुकसान का प्रारंभिक अनुमान है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेष सचिव पुष्पेंद्र राणा ने बताया था कि इस मानसून सीजन में लगभग 15 लोगों की मौत हुई हैं। कांगड़ा और पांगी घाटी में जनहानि हुई है।

पुष्पेंद्र राणा ने कहा था कि राज्य में अभी तक का नुकसान लगभग एक हजार करोड़ है। हम कोशिश कर रहे हैं कि पूरा रिकॉर्ड रखें। पुष्पेंद्र राणा ने कहा था कि हिमाचल में प्राकृतिक आपदाएं जैसी घटनाएं हो रही हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण इन घटनाओं पर लगातार नजर रख रहा है और तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter