प्रयागराज में गंगा आरती कर सीएम योगी के लिए प्रार्थना की गई, वाराणसी में 54 किलो लड्डू का केक काटा गया

प्रयागराज, 5 जून । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन प्रयागराज के दारागंज स्थित दशाश्वमेध घाट पर बेहद खास तरीके से मनाया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी के समर्थकों ने मां गंगा की विशेष आरती की और "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण किया। साथ ही नदियों की स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान मां गंगा से मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना भी की गई।

वहीं, वाराणसी में भी मुख्यमंत्री योगी का जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाया गया। काशी के 51 फीट ऊंचे वरद आंजनेय हनुमान मंदिर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 54 किलो का लड्डू केक तैयार किया गया और 54 पौधे लगाने का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थक राम गोपाल सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पिछले वर्ष उन्होंने संकल्प लिया था कि वे मुख्यमंत्री योगी के अच्छे स्वास्थ्य के लिए भगवान हनुमान से प्रार्थना करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 53 किलो का लड्डू केक काटा गया था, जबकि इस वर्ष 54 किलो का लड्डू केक काटा गया है।

राम गोपाल सिंह ने कहा कि इस वर्ष 54 योजनाओं के साथ 54 वट वृक्ष लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि तुलसी, बरगद, नीम और सिंदूर के पेड़ हनुमान जी को प्रिय माने जाते हैं, इसलिए सिंदूर के पेड़ भी मंदिर प्रांगण में लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हनुमान जी के प्रांगण से यह संकल्प लिया गया है कि प्रधानमंत्री योजना और मुख्यमंत्री योजना के तहत 31 जुलाई तक 5,400 पेड़ लगाए जाएंगे।

लखनऊ के हजरतगंज स्थित दारुलशफा में शांति वरदानी मुरादी हनुमान मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर सुंदरकांड पाठ, जनकल्याण के लिए महायज्ञ तथा भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा के पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित कराया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement