दिल्ली: 24 वारदातों को अंजाम देने वाला शातिर स्नेचर इम्तियाज गिरफ्तार, 5 मोबाइल बरामद

नई दिल्ली, 6 अप्रैल। राजधानी दिल्ली के शकरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने स्नैचिंग, लूट और चोरी की कई वारदातों में शामिल एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से पांच मोबाइल बरामद किए गए हैं।
 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंतजार उर्फ इम्तियाज (30), निवासी त्रिलोकपुरी, पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी 24 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें झपटमारी, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 17 फरवरी को मदर डेयरी रोड, शकरपुर के पास एक मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई थी। इसके बाद जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई अनुभव, एसआई प्रवीण, हेड कांस्टेबल राहुल और गौतम शामिल थे। यह टीम एसएचओ शकरपुर के नेतृत्व और एसीपी प्रीत विहार के निगरानी में काम कर रही थी।

पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय मुखबिर से जानकारी जुटाई। लगातार गश्त और निगरानी के दौरान अक्षरधाम फ्लाईओवर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। पूछताछ और तलाशी में उसके पास से पांच मोबाइल बरामद हुए। पुलिस ने उससे मोबाइल के बारे में पूछा लेकिन वह कुछ बता नहीं पाया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब इंतजार उर्फ इम्तियाज कुछ नहीं बोला तो शक होने पर उसको गिरफ्तार कर लिया गया। थाने में कड़ाई से पूछताछ में उससे अपना जुर्म कबूल लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को निशाना बनाता था। वह मौके का फायदा उठाकर तेजी से मोबाइल चोरी करता और फरार हो जाता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बार-बार ठिकाना बदलता रहता था और चोरी के मोबाइल बेचकर पैसा कमाता था।

फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि चोरी के और मोबाइल बरामद करने के लिए एक स्पेशल टीम का गठन किया गया है जो इंतजार उर्फ इम्तियाज के बयान के आधार पर कार्रवाई कर रही है, जो मोबाइल बरामद हुआ है, उसे जल्द ही लोगों को पास कर दिया जाएगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement