ग्रेटर नोएडा: हत्या के आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़, बदमाश घायल

ग्रेटर नोएडा, 6 मई । ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में पुलिस और हत्या के वांछित आरोपी के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 5/6 मई की रात ग्राम साकीपुर में नाली के कचरे को जलाने को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें साजन (25 वर्ष) की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना सूरजपुर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए सक्रिय पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में एमटैक के सामने बने तिराहे पर, तिलपता से गौर सिटी की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। तभी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की।

पुलिस टीम ने संदिग्ध का पीछा किया, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान वीर सिंह (38 वर्ष) निवासी ग्राम साकीपुर, थाना सूरजपुर के रूप में हुई है।

मौके से पुलिस ने एक अवैध देशी तमंचा, जिंदा कारतूस, .315 बोर का एक खोखा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में थाना सूरजपुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement