रेवाड़ी स्थित सोलर कंपनी में आग का तांडव, 10 घंटे बाद भी काबू पाने की जद्दोजहद जारी

नई दिल्ली, 7 मई । हरियाणा के रेवाड़ी जिले के बावल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित यूटीएल सोलर कंपनी में बुधवार रात लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। रात 11 बजे शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और गुरुवार सुबह होने तक भी आग की लपटें और काले धुएं का गुबार आसमान में साफ दिखाई देता रहा। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं लेकिन 10 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि हर गाड़ी को अब तक 10 से 12 बार पानी के लिए रिफिल करना पड़ा। रेवाड़ी, कोसली, बावल और आसपास के इलाकों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। पूरी रात दमकल कर्मचारी आग बुझाने में लगे रहे।

दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह सोलर बैटरी बनाने वाली कंपनी है, जहां बड़ी मात्रा में बैटरियां, थिनर और अन्य ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए थे। इसी वजह से आग तेजी से फैलती चली गई और उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही की जाएगी।

पुलिस-प्रशासन की टीम भी मौके पर लगातार तैनात रही। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की अन्य फैक्ट्रियों और औद्योगिक इकाइयों को सतर्क कर दिया गया, ताकि आग दूसरी कंपनियों तक न फैल सके। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

दमकल अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के साथ-साथ कंपनी के अंदर रखा काफी सामान भी बाहर निकलवाया गया, ताकि नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि तैयार माल को सड़क पर निकालकर सुरक्षित रखा गया है और आसपास की कंपनियों को भी बचाने की कोशिश की गई। हालांकि कंपनी को कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका सही आकलन बाद में किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, फैक्ट्री में मौजूद मशीनें और तैयार माल का पूरा रिकॉर्ड कंपनी प्रबंधन के पास है, जिसके आधार पर नुकसान का आकलन होगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement