ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन बिल्डिंग में बड़ा हादसा, 37वीं मंजिल से गिरकर दो मजदूरों की मौत

ग्रेटर नोएडा, 11 जून । नोएडा के सेक्टर-152 स्थित एटीएस पिक्चरेस्क रीप्राइव प्रोजेक्ट में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन टावर में शटरिंग का कार्य कर रहे दो मजदूर ऊंचाई से गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-152 स्थित एटीएस पिक्चरेस्क रीप्राइव प्रोजेक्ट के टावर-23 की 37वीं मंजिल पर शटरिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान वहां काम कर रहे मजदूरों की सेफ्टी बेल्ट अचानक टूट गई। सेफ्टी बेल्ट टूटने के कारण दोनों मजदूर संतुलन खो बैठे और ऊंचाई से नीचे गिर गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों मजदूरों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान रईसुल हक (24 वर्ष) पुत्र बदिओर जमाल और अब्दुल समद (45 वर्ष) पुत्र सादात रहमान के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी बताए जा रहे हैं और निर्माण परियोजना में मजदूरी का कार्य कर रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस अधिकारियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सेफ्टी बेल्ट टूटने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस हादसे ने निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अक्सर ऊंची इमारतों में काम करने वाले मजदूरों के लिए सुरक्षा उपकरणों की गुणवत्ता और उनकी नियमित जांच को लेकर लापरवाही की शिकायतें सामने आती रही हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

ट्रेडिंग न्यूज

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement