ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती महिंद्रा थार में लगी भीषण आग

ग्रेटर नोएडा, 13 मई । ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तेज रफ्तार से चल रही एक महिंद्रा थार गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में वाहन धू-धू कर जलने लगा।

घटना के दौरान एक्सप्रेस-वे पर गुजर रहे अन्य वाहन चालकों में भी दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक महिंद्रा थार में सवार लोग गाजियाबाद से आगरा की तरफ जा रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक गाड़ी से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक महिंद्रा थार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी कार सवार सुरक्षित बच गए। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

हालांकि दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। घटना के चलते कुछ समय के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय पुलिस और एक्सप्रेस-वे सुरक्षा टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात को सुचारु कराया। अधिकारियों का कहना है कि वाहन चालकों को लंबी यात्रा से पहले अपने वाहनों की तकनीकी जांच जरूर करानी चाहिए ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement