चमोली: मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जनपद भ्रमण को लेकर जिलाधिकारी ने तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

चमोली, 14 जुलाई । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 15 जुलाई को प्रस्तावित जनपद चमोली भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मंगलवार को गोपेश्वर में कार्यक्रम स्थल एवं संबंधित व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मिनी स्टेडियम हेलीपैड तथा पुलिस लाइन गोपेश्वर में आयोजित होने वाले 'सेवा, सुशासन, समर्पण एवं जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, बैठक व्यवस्था, मंच, जनसुविधाओं तथा विभागीय समन्वय से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में आने वाले आमजन एवं जनप्रतिनिधियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं तथा कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करें।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 15 जुलाई को सुबह 11:35 बजे मिनी स्टेडियम हेलीपैड, गोपेश्वर पहुंचेंगे। इसके बाद वह दोपहर 12:20 बजे से 1:20 बजे तक पुलिस लाइन, गोपेश्वर में आयोजित 'सेवा, सुशासन, समर्पण एवं जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' कार्यक्रम में प्रतिभाग कर जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 1:35 बजे मिनी स्टेडियम हेलीपैड, गोपेश्वर से देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement