महाराष्ट्र: रायगढ़ में भूस्खलन के बाद मुंबई-गोवा हाईवे की एक लेन बंद, मलबा हटाने का काम जारी

रायगढ़, 15 जुलाई । महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में बुधवार सुबह भूस्खलन के कारण मुंबई-गोवा हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। गोवा से मुंबई की ओर जाने वाली एक लेन को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है। मलबे को हटाने का काम तेजा से चल रहा है। गनीमत रही कि भूस्खलन की इस घटना को कोई जनहानि नहीं हुई।

बताया गया कि रायगढ़ के पोलादपुर तालुका इलाके में मुंबई-गोवा नेशनल हाईवे पर कशेड़ी घाट सेक्शन में भूस्खलन हुआ। भूस्खलन के तुरंत बाद पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित किया। एहतियात के तौर पर मुंबई जाने वाली लेन को बंद कर दिया गया है, जबकि दूसरी लेन से ट्रैफिक को गुजरने दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने हालात का जायजा लेने के लिए मौके का दौरा किया। नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को तुरंत मलबा हटाने और जल्द से जल्द ट्रैफिक को सामान्य करने के निर्देश दिए गए।

इस बीच, इलाके में हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने मुंबई-गोवा हाईवे पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों से बहुत सावधानी बरतने की अपील की है।

इससे पहले, महाराष्ट्र के पालघर जिले में पिछले दिनों भारी बारिश के कारण ऐतिहासिक तांदुलवाड़ी किले के आसपास भूस्खलन की घटना सामने आई। इसके कारण किले तक जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए पर्यटकों, ट्रैकिंग के शौकीनों और दुर्ग प्रेमियों से अगले कुछ दिनों तक तांदुलवाड़ी किले की यात्रा नहीं करने की अपील की।

उधर, पूरे राज्य में बारिश के लिए अनुकूल मौसम बना हुआ है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को कुछ इलाकों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। बुधवार को मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ बारिश होने की संभावना है।

डीसीएच

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement