श्रीनगर में ट्यूलिप शो–2026 का शुभारंभ, 18 लाख से अधिक ट्यूलिप फूलों से सजावट

श्रीनगर, 16 मार्च। जम्मू-कश्मीर में वसंत ऋतु के आगमन के साथ ही विश्व प्रसिद्ध ट्यूलिप गार्डन रंग-बिरंगे फूलों से सज गया है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को ट्यूलिप शो 2026 श्रीनगर का औपचारिक उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम श्रीनगर स्थित प्रसिद्ध इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्यूलिप गार्डन में आयोजित किया गया। 

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने ट्यूलिप गार्डन का भ्रमण भी किया और वहां खिले रंग-बिरंगे फूलों का अवलोकन किया। इस वर्ष गार्डन में 70 से अधिक किस्मों के करीब 18 लाख ट्यूलिप लगाए गए हैं, जो घाटी के वसंतकालीन सौंदर्य को और भी आकर्षक बना रहे हैं।

इसके अलावा, गार्डन में लगभग एक लाख अन्य बल्ब वाले फूल भी लगाए गए हैं। इनमें डैफोडिल, हायसिंथ और नरगिस जैसे कई ऐसे फूल शामिल हैं, जो पूरे बगीचे को विविध रंगों और सुगंध से भर रहे हैं। इन फूलों की वजह से कश्मीर की वादियों में वसंत का नजारा और भी मनमोहक हो गया है।

फूलों का यह शानदार नजारा यहां आने वाले पर्यटकों के लिए एक बेहतरीन अनुभव साबित होगा। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने देश और दुनिया भर के पर्यटकों से अपील की कि वे वसंत के मौसम में जम्मू-कश्मीर घूमने आएं और यहां की बेमिसाल प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव करें।

जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें शेयर करते हुए एक पोस्ट में लिखा, "मुख्यमंत्री ने आज श्रीनगर के ट्यूलिप गार्डन में ट्यूलिप शो-2026 का उद्घाटन किया और उद्यान का भ्रमण किया। इस वर्ष, 70 से अधिक किस्मों के लगभग 18 लाख ट्यूलिप के साथ-साथ डैफोडिल, हायसिंथ और नरगिस जैसे लगभग एक लाख अन्य कंदयुक्त फूल लगाए गए हैं, जिससे घाटी की वसंतकालीन सुंदरता में रंग भर गए हैं।"

एक्स पोस्ट में आगे लिखा गया, "मुख्यमंत्री ने देश और दुनिया भर के पर्यटकों से वसंत ऋतु में जम्मू-कश्मीर आने और इसकी अद्वितीय प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव करने की अपील की।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement