वाराणसी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

वाराणसी, 17 अगस्त । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में रविवार की आधी रात लालपुर पांडेपुर थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

वरुणा जोन की एडीसीपी लिपि नगायच ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस की ओर से लालपुर पांडेपुर थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान पुलिस को बाइक सवार बदमाश आते दिखे, जिन्हें पुलिस ने रूकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश पुलिस टीम को देखकर बैरिकेड तोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उनका पीछा कर ओवरब्रिज के पास घेराबंदी की।

घेराबंदी के दौरान बाइक पर सवार बदमाशों में से एक ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद दोनों बदमाशों को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरखपुर निवासी ‘मल’ और वेद प्रकाश दुबे के रूप में की है।

एडीसीपी लिपि नगायच के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने 17 जुलाई 2026 को लालपुर पांडेपुर थाने में दर्ज एक मामले के तहत चेन-स्नैचिंग की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और मौके से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस बरामद किया। इसके अलावा 75 हजार रुपये नकद, पिघला हुआ सोना और एक बाइक भी पुलिस के हाथ लगी है।

पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। साथ ही बरामद सोने और नकदी के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चेन-स्नैचिंग की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इनके साथ के अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है, इसके लिए एक टीम का गठन किया जा रहा है, जो इनके निशानदेही पर कार्रवाई करेगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter