हिमाचल में फिर सक्रिय हुआ मानसून, मंगलवार से भारी से बहुत भारी बारिश

शिमला, 18 अगस्त । हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को ऊना, चंबा और कांगड़ा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे पहले बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी के लिए भी अलर्ट जारी किया गया था। 19 अगस्त को कांगड़ा और सिरमौर में भारी बारिश की संभावना है, जबकि 20 और 21 अगस्त को भी इन जिलों समेत अन्य हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

बारिश के कारण प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार सोमवार रात तक मंडी में 43, कुल्लू में 33, सिरमौर में आठ, शिमला में सात, चंबा और कांगड़ा में छह-छह, ऊना में चार तथा लाहौल-स्पीति में दो सड़कें बंद थीं। इसके अलावा 216 पेयजल आपूर्ति योजनाएं और सात बिजली ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित हुए हैं।

कांगड़ा जिले के पालमपुर के पास ठाकुरद्वारा में रविवार सुबह पेड़ गिरने से दो परिवार बाल-बाल बच गए। पेड़ गिरने से एक इमारत, आसपास की दुकानों और खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचा। पेड़ के कारण पालमपुर-हमीरपुर राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

प्रदेश में 30 जून को मानसून के आगमन के बाद से बारिश से जुड़ी घटनाओं में 79 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 14 मौतें भूस्खलन और एक मौत अचानक आई बाढ़ के कारण हुई है। अधिकारियों के मुताबिक बारिश से राज्य को अब तक करीब 973 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।

मौसम विभाग ने 18 से 21 अगस्त के बीच किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। निचले और मध्यम पहाड़ी क्षेत्रों में आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं का खतरा रहेगा। अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तीन से चार दिनों में कई हिस्सों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

इसके साथ ही 18 अगस्त को बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। ऊना, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter