'मां की सौगंध, मैंने कभी पैसा नहीं लिया, कलंक का जवाब सच और संघर्ष

देहरादून, 18 सितंबर । उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपने ऊपर लगे नौकरी के बदले पैसे लेने के आरोपों पर बेहद भावुक अंदाज में सफाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर मां की तस्वीर थामे हुए एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह मां की सौगंध खाते हुए खुद को बेगुनाह बता रहे हैं।

रावत ने पोस्ट में लिखा, "मां की सौगंध… सच के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करूंगा। कलंक का जवाब, सच और संघर्ष से।"

वीडियो में हरीश रावत कहते हैं, "मां, मैं आपकी सौगंध खाता हूं, आपके दूध की सौगंध खाता हूं। मैंने कभी किसी को नौकरी देने के बदले एक पैसा लेना तो छोड़िए, मैंने उससे कभी चाय और पानी तक नहीं पिया।"

अपने वीडियो संदेश में हरीश रावत ने तीन माताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "मेरी तीन माताएं हैं, जगत जननी, देवी भवानी (मां दुर्गा), जिसकी मैं नित्य प्रतिदिन पूजा करता हूं और वह धरती मां हैं, जिसने मुझे पैदा किया है उत्तराखंड।" उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में उन्हें बदनाम करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है।

रावत ने कहा, "मां आज मुझे बदनाम करने का षड्यंत्र हो रहा है। उम्र के इस पड़ाव में मुझ पर कलंक लगाने का प्रयास हो रहा है, जिस तरीके से कुछ पोस्ट्स में, कुछ अखबारों के जरिए मुहिम चलाकर। मां मैं आपकी व आपके दूध की सौगंध खाता हूं, मैंने कभी किसी को नौकरी देने के बदले एक पैसा लेना तो छोड़िए, मैंने उससे कभी चाय और पानी तक नहीं पिया, जिसको दिया होगा, मैंने दिया होगा, मां।"

उन्होंने कहा कि पहले भी 2017 और 2022 में उनके खिलाफ झूठे आरोप गढ़े गए थे, जिनका कोई साक्ष्य नहीं है। मैं इस कलंक के साथ मरना नहीं चाहता मां। मैंने मां जगदंबा से प्रार्थना की है कि जब तक मैं इस कलंक को न धो दूं, तब तक मेरी जिंदगी की डोर व मेरी सांसों को आगे बढ़ाते रहना। मैं संघर्ष करूंगा।

हरीश रावत ने सिर्फ नौकरी ही नहीं, बल्कि राजनीतिक पद और अन्य सिफारिशों के बदले भी पैसे लेने से इनकार किया। उन्होंने कहा, "मां यही नहीं, मैंने कभी किसी को राजनीतिक पद देने के बदले भी पैसा नहीं लिया। मैंने हजारों-हजार लोगों की सिफारिश की हैं, कामधंधों आदि और दूसरी चीजों के लिए। मैंने उनसे भी कभी सौदा नहीं किया।"

वीडियो में रावत ने अपने सहयोगी चंदन की संपत्ति सीज किए जाने पर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा, "लोग मदद जरूर करते हैं मेरी, आज भी मेरी मदद कर रहे हैं। मेरे घर का तो छोड़िए, जिसने छाया की तरह मेरे साथ इतने साल सेवा करने का काम किया चंदन, आज उसकी जिंदगी भर की कमाई को सीज्ड कर दिया गया है। उसने अपने बच्चे पढ़ाने हैं, कहां से अपने बच्चों की आजीविका का पालन करेगा, उसकी अलग चिंता हो रही है। मेरे पास भी इतने साधन नहीं हैं कि मैं अपने घर का खर्चा उठा सकूं।"

रावत ने वीडियो के अंत में कहा, "मां, मैं फिर आपकी सौगंध खाकर कह रहा हूं कि किसी चीज के बदले पैसा लिया हो, मां, श्राप देकर कहना कि हरीश, तूने मेरे दूध को लज्जित करने का काम किया। मैंने हर काम को आपको साक्षी बनाकर किया है, आपके आदेश से किया है और अब शरीर आज्ञा दे न दे, स्वास्थ्य आज्ञा दे न दे, मगर मुझे अपनी सफाई के लिए, अपनी बात कहने के लिए लोगों के बीच में जाना ही पड़ता है। मां, मेरी रक्षा करना।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter