देहरादून: भारी बारिश की चेतावनी के बीच 20 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल बंद
20 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी और अशासकीय विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित, अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील

नई दिल्ली, 19 जुलाई । जनपद देहरादून में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीएमए) की ओर से जारी रेड अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी आशीष चौहान ने सोमवार, 20 जुलाई 2026 को जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में लगातार हो रही बारिश और अगले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा अत्यधिक तीव्र बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त एवं अशासकीय विद्यालय 20 जुलाई को बंद रहेंगे। इसके अलावा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने अभिभावकों और आम लोगों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और भूस्खलन संभावित स्थानों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
Source: The News Com Network

