दिल्ली में अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, चोरी की

नई दिल्ली, 20 फरवरी। पूर्वी दिल्ली में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) और पूर्वी जिला पुलिस अंतर्राज्यीय गैंग  बदमाशों को  गिरफ्तार किया है। आरोपी मास्टर और डुप्लिकेट चाबियों की मदद से लग्जरी गाड़ियां चोरी कर लेते थे।  

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर करीब 55–60 लाख रुपए कीमत की तीन लग्ज़री गाड़ियां बरामद की गई हैं। साथ ही वाहन चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मशरूर (56) निवासी सुल्तानपुर (यूपी), आसिफ (42) निवासी मेरठ (यूपी) और अकील (40), निवासी मुजफ्फरनगर (यूपी) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। मशरूर पर 12, आसिफ पर 11 और अकील पर 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी शातिर और एक्सपर्ट ऑटो-लिफ्टर हैं।

पूर्वी जिला पुलिस के ऑपरेशन्स विंग को वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत एडिशनल डीसीपी/ऑपरेशंस संजय कुमार की निगरानी और इंस्पेक्टर पवन यादव के नेतृत्व में एएटीएस की विशेष टीम गठित की गई, जो लगातार कार्रवाई करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार कर रही है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दिल्ली के विभिन्न इलाकों से महंगी गाड़ियां डुप्लिकेट चाबी से चोरी कर उन्हें मेरठ ले जाते थे, जहां नकली नंबर प्लेट लगाकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मणिपुर में बेच देते थे। वे वारदात के दौरान मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश से जारी फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे, जिससे पुलिस इनको पकड़ न पाए।

पुलिस रिमांड के दौरान कौशांबी और सिद्धार्थ विहार, गाजियाबाद में छापेमारी कर पीएस हरि नगर से चोरी हुई किआ सेल्टोस और पीएस प्रीत विहार से चोरी हुई मारुति ब्रेजा बरामद की गई। इसके अलावा गुजरात-राजस्थान सीमा के पास सांचौर से एक महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक नकली नंबर प्लेट के साथ बरामद हुई। आरोपियों के कब्जे से तीन जोड़ी फर्जी नंबर प्लेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

फिलहाल पुलिस मोबाइल फोन और अन्य उपकरणों का तकनीकी विश्लेषण कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter