ऊधमपुर बस हादसा: 21 लोगों की मौत, 61 घायल, केंद्र के बाद राज्य सरकार ने भी किया मुआवजे का ऐलान

जम्मू, 20 अप्रैल । जम्मू-कश्मीर के उधमपुर बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। इसकी पुष्टि केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को की। साथ ही बताया कि जरूरतमंदों को हर संभव मदद दी जा रही है।

केंद्रीय राज्‍यमंत्री और कठुआ-उधमपुर से लोकसभा के सांसद जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, "अब तक 21 लोगों की मौत हुई है और 61 घायल हैं। घायलों को ऊधमपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज में एयरलिफ्ट किया जा रहा है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।"

उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को हर संभव सहायता दी जा रही है, और साथ ही बताया , "मेरा कार्यालय लगातार संपर्क में है।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। इस हादसे में अपना जीवन गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तत्परता से लगा हुआ है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "हालांकि किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता से उधमपुर की दुखद सड़क दुर्घटना में हुई अपूरणीय जानमाल की क्षति की भरपाई नहीं की जा सकती, फिर भी तत्काल राहत के रूप में मुख्यमंत्री राहत कोष से तत्काल सहायता की घोषणा की गई है। प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपए और मामूली रूप से घायलों को 25,000 रुपए दिए जाएंगे।"

इसके साथ ही केंद्र सरकार ने बस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की।

यह हादसा सोमवार सुबह जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में उस वक्त हुआ जब बस रामनगर से ऊधमपुर शहर की ओर आ रही थी। इससे पहले, अतिरिक्त उपायुक्त (ऊधमपुर) प्रेम सिंह ने बताया कि कुछ घायलों को ऊधमपुर शहर के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का इलाज रामनगर में चल रहा है।

अधिकारी ने कहा, "अभी हमारी प्राथमिकता घायलों को बचाना और उन्हें हर संभव चिकित्सीय सहायता प्रदान करना है।" अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने उधमपुर बस हादसे पर शोक व्यक्त किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में हुए दुखद बस हादसे से मैं अत्यंत आहत हूं। इस घटना में बहुमूल्य जानों का जाना बेहद पीड़ादायक है। दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और इस घटना से प्रभावित सभी लोगों को संबल मिलने की प्रार्थना करता हूं।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement