उत्तर प्रदेश : बर्तन कारोबारी दंपती की गोली लगने से संदिग्ध मौत, घर

रामपुर, 21 मई । उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां थाना शाहाबाद के बाजार बजरंग चौक में तड़के सुबह ही एक ऐसी घटना हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दरअसल, बर्तन व्यापारी सुनील रस्तोगी और उनकी पत्नी नेहा रस्तोगी के शव घर की दूसरी मंजिल की छत पर खून से लथपथ पड़े मिले।

बताया जा रहा है कि सुबह 7 बजे के करीब मोहल्ले के लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी थी। इस दौरान व्यापारी के बेटे और बेटी नीचे सो रहे थे। हालांकि, गोली की आवाज सुनने के बाद जैसे ही वे दूसरी मंजिल की छत पर पहुंचे, तो व्यापारी के बेटे पीयूष रस्तोगी और बेटी कृषि ने देखा कि उनके माता-पिता के शव फर्श पर खून से लथपथ पड़े थे। यह देखते ही उनकी चीखें निकल गईं।

गोली और बच्चों की आवाज के बाद आसपास के लोग भी घर के अंदर पहुंचे। बर्तन व्यापारी सुनील की गर्दन के ठीक नीचे गोली लगी बताई जा रही है, जबकि पत्नी को गोली गर्दन के ठीक बगल में लगी है। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सीओ के साथ इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल बाजार वाले इलाके में स्थित है, इसलिए पुलिस ने घटनास्थल को चारों ओर से घेरकर जांच शुरू कर दी। मौके पर एक राइफल भी पड़ी हुई थी, जिसे बरामद कर पुलिस ने सबूत के तौर पर अपने कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, ताकि मामले की हर पहलू से जांच की जा सके।

मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच होगी। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे हैं। फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

वहीं, पड़ोसी का यह भी कहना था कि यह घटना राइफल को साफ करने से भी हो सकती है। लेकिन, ऐसा मुमकिन नहीं दिखता। बताया जा रहा है कि रस्तोगी परिवार में किसी तरह का कोई विवाद नहीं था। इस तरह की घटना से हर कोई हैरान और परेशान है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह मौके पर पहुंचे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter