जम्मू-कश्मीर: एसएसपी ने वैष्णो देवी यात्रा मार्ग और भवन क्षेत्र का पैदल चलकर लिया सुरक्षा का जायजा

रियासी, 21 जून । रियासी के एसएसपी मुकुंद टिबरेवाल ने श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग और भवन क्षेत्र का पैदल चलकर सुरक्षा का जायजा लिया। गर्मी की छुट्टियों के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए एसएसपी ने सभी सुरक्षाकर्मियों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से रात और अन्य संवेदनशील समयों में यात्रा मार्ग पर नियमित और प्रभावी गश्त बढ़ाने को कहा।

एसएसपी मुकुंद टिबरेवाल के साथ कटरा की एसपी कामेश्वर पुरी, एसडीपीओ और एसएचओ समेत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस सुरक्षा विंग के अधिकारी भी मौजूद रहे। एसएसपी ने श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर पूरे सुरक्षा तंत्र की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रवेश के अलग-अलग बिंदुओं का बारीकी से निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की स्क्रीनिंग, तलाशी की प्रक्रियाओं व सामान स्कैनिंग सिस्टम की कार्यक्षमता का आकलन किया। उन्होंने यात्रा मार्ग पर प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और सतर्कता की भी समीक्षा की।

एसएसपी ने सांझीछत का दौरा किया और हेलीकॉप्टर संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हेलीपैड और उसके आसपास के क्षेत्र का सुरक्षा ऑडिट किया। उन्होंने भवन और यात्रा मार्ग पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के रहने की सुविधाओं का भी निरीक्षण किया, जवानों से बातचीत की और उनके रहने की स्थितियों व कल्याणकारी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने राष्ट्र-विरोधी तत्वों की किसी भी नापाक साजिश को रोकने के लिए यात्रा मार्ग पर, विशेष रूप से रात नियमित और प्रभावी गश्त की जरूरतों पर ध्यान देने को कहा।

अधिकारी ने चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने और हर साल पवित्र तीर्थस्थल पर आने वाले लाखों भक्तों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए निरंतर सतर्कता, सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर तालमेल और नियमित सुरक्षा ऑडिट के महत्व पर भी जोर दिया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement