वाराणसी में गंगा की सहायक वरुण नदी उफान पर, निचले इलाकों में घुसा पानी, लोग परेशान

वाराणसी, , 21 अगस्त । गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ ही वाराणसी में रहने वालों की चिंता बढ़ गई है। गंगा के साथ ही सहायक वरुणा नदी का पानी भी किनारों से बाहर बहने लगा है, जिससे शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। वरुणा कॉरिडोर और आसपास की कई सड़कें पानी में डूब गई हैं जबकि निचले इलाकों में बसे रिहायशी क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है।

स्थानीय लोगों को इस बाढ़ से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ पीड़ित सुनील यादव ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि पानी अभी भी लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, "जब पानी बढ़ जाता है तो काफी परेशानी होती है। सामान उठाकर ऊपर की ओर जाना पड़ता है। ऐसे में खाने-पीने की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो जाता है।"

प्रशासन भी बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। गुरुवार को गंगा नदी उफान पर रही और इसका जलस्तर चेतावनी स्तर 70.26 मीटर से लगभग दो मीटर नीचे बह रहा था। वाराणसी में गंगा का खतरे का निशान 71.26 मीटर रहा। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने गंगा और वरुणा नदियों का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।

जिला प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में कुल 46 बाढ़ राहत केंद्र बनाए गए हैं और एहतियात के तौर पर निचले इलाकों के लोग राहत शिविरों में जाने लगे हैं। अधिकारियों ने नाविकों और घाटों पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने लोगों से अपील की है कि वे बाढ़ के दौरान जोखिम भरे कामों से बचें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter