जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में बसंतगढ़-रामनगर मार्ग पर बस दुर्घटनाग्रस्त,

उधमपुर, 21 अक्टूबर । जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बुधवार सुबह एक बस हादसे का शिकार हो गई। इस घटना में करीब 10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए रामनगर के उप-जिला अस्पताल ले जाया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह बस पचौंड से रामनगर जा रही थी। इसी दौरान बसंतगढ़-रामनगर सड़क पर उधमपुर जिले के गुल्ली गाला में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस सड़क से फिसलकर नीचे गिर गई, जिसमें दस से अधिक लोग घायल हो गए।

घटना के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी उधमपुर के डीसी अनंत द्विवेदी से बात की है और पीड़ित को हर संभव मुहैया करने को कहा है।

जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "बसंतगढ़-रामनगर सड़क पर बस दुर्घटना की खबर मिलने के बाद मैंने उधमपुर के डीसी अनंत द्विवेदी से बात की। स्थानीय लोगों की समय पर मदद से सभी यात्रियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। इस बीच, बचाव दल मौके पर पहुंच गया है।"

उन्होंने पोस्ट में लिखा, "9-10 घायल यात्रियों को रामनगर के उप-जिला अस्पताल ले जाया जा रहा है। अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है। हर संभव मदद दी जा रही है। मेरा कार्यालय प्रशासन के लगातार संपर्क में है।"

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सड़क हादसे में कम से कम चार लोग घायल हो गए। पिछले सप्ताह जिले के भल्ला इलाके में शेनाई के पास यह हादसा हुआ। बताया गया कि एक मिनी-बस डोडा से भदरवाह जा रही थी। इसी दौरान वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी जिलों (जैसे रामबन, डोडा, किश्तवाड़, उधमपुर और बड़गाम के कुछ हिस्सों) में सड़क हादसे मुश्किल भौगोलिक स्थिति, खराब मौसम और मानवीय या बुनियादी ढांचे से जुड़ी वजहों से होते हैं।

खतरनाक इलाके, खराब सड़क बनावट, संकरी सड़कें, तीखे मोड़, खड़ी ढलान और कम दृश्यता के कारण पहाड़ी हाईवे और लिंक रोड पर गाड़ी चलाना मुश्किल हो जाता है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter