दिल्ली पुलिस ने की हौजखास से चोरी 6 किलो चांदी और कीमती धातुएं बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 22 मार्च। दिल्ली के प्रसाद नगर थाना पुलिस ने ज्वेलरी चोरी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 6.35 किलोग्राम चोरी की गई चांदी, तांबा और कांस्य बरामद किया गया। यह बरामदगी थाना हौज खास में दर्ज एक ई-एफआईआर से जुड़ी है। 

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को रोकने और सक्रिय अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष गश्ती टीमों को तैनात किया गया था। इन टीमों को विशेष रूप से देर रात के दौरान सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रसाद नगर थाने की टीम, जिसमें एएसआई जोहरीलाल, हेड कांस्टेबल विनीत, हेड कांस्टेबल लोकेश और कांस्टेबल शुभम शामिल थे, बापा नगर इलाके में गश्त कर रही थी।

गश्त के दौरान जब टीम करोल बाग स्थित आर्य समाज रोड के पास सीपीडब्ल्यूडी खंडहर के नजदीक पहुंची, तो उन्हें दो बैग लेकर जा रहे चार संदिग्ध व्यक्ति नजर आए। पुलिस को देखते ही चारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उनका पीछा किया और सभी को दबोच लिया।

तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में चांदी, तांबा और कांस्य की वस्तुएं बरामद हुईं। इनमें आभूषण, बर्तन, सिक्के और धार्मिक वस्तुएं शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने यह सामान हौज खास क्षेत्र से चोरी किया था।

जांच में पता चला कि 18 मार्च को ही थाना हौज खास में चोरी का मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद से ये लोग दिल्ली के अलग-अलग इलाके में वेशभूषा बदलकर घूम रहे थे, जिससे इनको कोई पहचान न पाए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नसीम (25), शेख सरफराज (22), कादिर (20) और दिलशाद (25) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये सभी आरोपी पहले भी कई चोरी के मामलों में शामिल रह चुके हैं और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में पता चला कि ये लोग दिन में घूमते थे और देखते थे कि किस घर में चोरी की जा सकती है। इसके बाद रात में चोरी की घटना को अंजाम दिया करते थे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement