महाराष्ट्र: भिवंडी के कोन गांव में भीषण आग, दो स्क्रैप गोदाम जलकर राख

भिवंडी, 22 मार्च। महाराष्ट्र के भिवंडी तालुका के कोन गांव में रविवार को एक स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस घटना में दो स्क्रैप गोदाम पूरी तरह जलकर राख हो गए, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

जानकारी के अनुसार, जिस गोदाम में आग लगी वहां कपड़े, प्लास्टिक और कागज जैसे ज्वलनशील पदार्थों का बड़ा स्टॉक रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोदाम के पास सूखी घास में आग लगा दी, जो धीरे-धीरे फैलते हुए स्क्रैप गोदाम तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के गोदामों को भी अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में स्थिति भयावह हो गई।

इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जो राहत की बात है, लेकिन आग की चपेट में आकर दो स्क्रैप गोदाम पूरी तरह नष्ट हो गए। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही भिवंडी फायर डिपार्टमेंट की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इसके अलावा, एक निजी पानी के टैंकर की मदद से भी आग बुझाने का प्रयास किया गया। फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस अज्ञात व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement