गुजरात: भारी बारिश की वजह से कई जिलों में नदियां ऊफनाई, कावेरी नदी का जलस्तर 27 फीट तक पहुंचा

नवसारी, 23 जुलाई । भारी बारिश की वजह से गुजरात के कई जिलों में नदियां उफान पर है। कई जगहों पर अलर्ट जारी किया गया है।

नवसारी जिले में लगातार बारिश के कारण पूर्णा नदी का जलस्तर 24 फीट तक पहुंच गया, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। कावेरी नदी का जलस्तर 27 फीट तक पहुंच गया है, जो इसके 19 फीट के खतरे के निशान से ऊपर है।

नवसारी में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है, क्योंकि स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। करीब 218 अंदरूनी सड़कें बंद कर दी गई हैं और लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी गई है। मंत्री नरेश पटेल ने लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की है। मंत्री नरेश पटेल ने कहा, "नवसारी में स्थिति कल से भी अधिक कठिन हो सकती है। डांग जिले के वाघई में 14 इंच से अधिक बारिश हुई है। कल रात 10 बजे से वंसदा में 15 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई है।"

डांग जिले में लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे कई बड़ी नदियों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अंबिका नदी पर मौजूद गिरा वॉटरफॉल में पानी का तेज बहाव देखा जा रहा है। प्रशासन ने पर्यटकों के लिए वॉटरफॉल तक जाने पर रोक लगा दी है और एहतियात के तौर पर लोगों से नदियों, झरनों और निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

तापी के डोलवन के गदत के पास नेशनल हाईवे 56 पर भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया, जिससे यातायात बाधित हुआ। भारी बारिश के कारण व्यारा के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन गई। एक तालाब से छोड़े गए पानी और मिंधोला नदी के उफान पर होने से निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे शहर में सामान्य आवाजाही प्रभावित हुई।

वलसाड में भी लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और औरंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

वहीं, सूरत में स्थित दोसवाड़ा बांध के ओवरफ्लो होने से मिंधोला नदी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बारडोली शहर में सिविल कोर्ट इलाके के पास 50 से ज्यादा घर पानी में डूब गए हैं। एहतियात के तौर पर, बारडोली प्रशासन ने प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement