एनसीआर में पूरे सप्ताह बादलों का डेरा, हल्की बारिश के आसार; भीषण गर्मी और उमस से मिलेगी राहत

नोएडा, 24 जुलाई । राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आने वाले दिनों में मौसम सुहावना बना रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पूरे सप्ताह आसमान पर बादलों का डेरा रहेगा। हालांकि कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है, लेकिन व्यापक या तेज बारिश के आसार फिलहाल कम हैं। लेकिन भीषण गर्मी और उमस से इस पूरे सप्ताह काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार 24 जुलाई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आकाश सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा तथा हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 80 प्रतिशत और न्यूनतम 60 प्रतिशत रहने की संभावना है। इस दिन के लिए किसी भी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। 25 जुलाई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री तथा न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। 26 जुलाई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे, जबकि आर्द्रता 70 से 60 प्रतिशत के बीच रह सकती है। इस दिन भी मौसम विभाग ने किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। 27 जुलाई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री तथा न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार दिनभर सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 28 जुलाई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पूरे दिन बादल छाए रहेंगे तथा हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 29 जुलाई को अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा तथा आर्द्रता 80 से 70 प्रतिशत के बीच बनी रह सकती है। इस दिन भी किसी प्रकार का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मानसूनी गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं, इसलिए एनसीआर में तेज या लगातार बारिश की संभावना कम है। हालांकि दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई स्थानों पर हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार बादलों की मौजूदगी और बीच-बीच में होने वाली हल्की बारिश के कारण तापमान नियंत्रित रहेगा, जिससे पिछले दिनों की तुलना में गर्मी और उमस से काफी राहत मिलेगी। कुल मिलाकर आने वाला सप्ताह एनसीआर के लोगों के लिए अपेक्षाकृत आरामदायक रहने वाला है। हालांकि बारिश अधिक नहीं होगी, लेकिन बादलों का घेरा और हल्की फुहारें मौसम को सुहावना बनाए रखेंगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement