राफेल और सुखोई के करतबों से गूंजा काशी का आसमान, एयर शो देखकर लोगों

वाराणसी/चंदौली, 25 अक्टूबर । काशी की धरती पर पहली बार आयोजित हुए एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' के आखिरी दिन जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस तीन दिवसीय एरियल डिस्प्ले का फाइनल डे सबसे यादगार रहा। गंगा के ऊपर आसमान में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों ने जब करतब दिखाए तो लाखों दर्शकों ने भारत माता की जय के नारों के साथ वायुसेना के शौर्य को सलाम किया।

नमो घाट और गंगा के दोनों किनारों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। वाराणसी और चंदौली समेत पूर्वांचल के कई जिलों से लोग इस ऐतिहासिक नजारे को देखने पहुंचे थे।

rafel show

एयर शो का मुख्य आकर्षण 'अलकनंदा फॉर्मेशन' रहा, जिसने भारत के तीनों रक्षा बलों के आपसी तालमेल को दर्शाया। इस दौरान एक चिनूक हेलीकॉप्टर ने आसमान में '94' की आकृति बनाकर वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ का जश्न मनाया। यह राष्ट्रीय रक्षा, सैन्य अभियानों, जीतों, बलिदानों और मानवीय सहायता में वायु सेना के योगदान को याद करने का एक अनोखा तरीका था।

सुखोई, राफेल, तेजस जैसे लड़ाकू विमानों ने जब गड़गड़ाहट के साथ गंगा के ऊपर उड़ान भरी और हेलीकॉप्टरों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए तो पूरा आसमान रोमांच से भर गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस नजारे को अपने मोबाइल में कैद करता नजर आया।

काशी में पहली बार हुए इस तरह के एयर शो को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखा। लोगों ने एयर शो की जमकर तारीफ की।

वाराणसी के स्थानीय निवासी अभिनेष सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "अद्भुत, अकल्पनीय। मैं 56 साल का हूं और इन 56 वर्षों के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। जैसा कि लोग कहते हैं, पीएम मोदी के साथ सब कुछ मुमकिन है। प्रधानमंत्री मोदी की वजह से ही काशी के लोगों को इतना शानदार शो देखने को मिला। वायु सेना के इंतजाम बहुत अच्छे थे। सब कुछ व्यवस्थित था। यह काशीवासियों के लिए गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री जी खुद हमारे साथ नमो घाट पर बैठे, जिससे यह पल और भी गर्व की बात बन गया।"

राजलक्ष्मी यादव ने कहा, "मैंने काशी में ऐसा आज तक नहीं देखा। हम कह सकते हैं कि मोदी है तो मुमकिन है। पीएम मोदी की ही वजह से हम काशीवासियों को ये सब देखने को मिल रहा है।"

पूनम यादव ने कहा, "काशी को बहुत ही सुंदर और शांत जगह माना जाता है, लेकिन हमारे आधुनिक 'एवेंजर्स' योद्धाओं को देखकर यह जोश हमारे युवाओं के लिए बहुत प्रेरणादायक है। मुझे लगता है इस एयर शो के बाद 80 से 90 प्रतिशत युवा पायलट और योद्धा बनना चाहेंगे।"

चंदौली से आए एक स्थानीय ने कहा, "जब से मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं, वाराणसी में काफी विकास हुआ है। सड़कें, नालियां साफ हुई हैं, रेलवे स्टेशन सुधरा है। हमने कभी सोचा भी नहीं था कि वाराणसी में इतना शानदार शो होगा। हम परसों भी आए थे और आज फिर आए हैं। ऐसा लगता है इसे पूरा दिन देखते ही रहें, यह शो खत्म ही न हो।"

तीन दिन तक चले इस 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो ने काशी के लोगों के दिलों में खास जगह बना ली है और युवाओं में देशभक्ति और वायुसेना में जाने का नया जुनून भर दिया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter