उत्तर प्रदेश पुलिस का बड़ा एक्शन, डिजिटल प्लेटफॉर्म से चल रही देशविरोधी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई

लखनऊ, 27 मई । उत्तर प्रदेश की पुलिस ने डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से चल रही देशविरोधी साजिश पर सख्त कार्रवाई की है। यूपी पुलिस ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर कर जानकारी देते हुए बताया, "यूपी एटीएस और यूपी एसटीएफ को पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल को ध्वस्त करने में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है।"

मंगलवार को यूपी एटीएस एवं एसटीएफ की संयुक्त जांच के उपरांत यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल से जुड़े चार अभियुक्तों, महकाब निवासी सहारनपुर, गगनदीप उर्फ गुरी सिंह निवासी मुजफ्फरनगर, शाहरुख निवासी सहारनपुर तथा मुशर्रफ निवासी हरिद्वार, को सहारनपुर से गिरफ्तार किया था।

प्रारंभिक जांच में अभियुक्तों के सोशल मीडिया एवं वीडियो कॉलिंग के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में होने तथा संवेदनशील स्थलों की रेकी, युवाओं को जोड़ने और आतंकी/विध्वंसक गतिविधियों की साजिश में शामिल होने के तथ्य सामने आए हैं। इस संबंध में थाना, एटीएस लखनऊ में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यूपी पुलिस ने इस जानकारी को साझा करने के साथ प्रकरण के संबंध में एडीजी कानून-व्यवस्था, उत्तर प्रदेश अमिताभ यश की एक वीडियो भी शेयर की, जिसमें उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के निर्देश पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश के युवाओं को भ्रमित कर तथा आर्थिक लाभ का प्रलोभन देकर आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश की जा रही थी।

इसी के साथ स्लीपर सेल को तैयार कर देश में आतंकवादी और विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए युवाओं को उकसाया जा रहा था। इसी को लेकर यूपी एटीएस और यूपी एसटीएफ ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की, जिसमें प्रदेश भर से संदिग्ध व्यक्तियों को चयनित कर खंगाला गया। पाकिस्तानी गैंगस्टर का मकसद अधिक युवाओं को अपने साथ जोड़कर आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए प्रेरित करना था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement