महाराष्ट्र: दो अलग-अलग हादसों में पुलिस कांस्टेबल समेत 4 लोगों की मौत

मुंबई/जलगांव, 29 अप्रैल । महाराष्ट्र में बुधवार को दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक पुलिस कांस्टेबल भी शामिल है। इन घटनाओं में लगभग 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहली घटना महाराष्ट्र के जलगांव में हुई, जहां एक गाड़ी में सवार तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें एक नई-नवेली दुल्हन भी शामिल थी। जानकारी के अनुसार, जलगांव के धरनगांव तालुका में वराड खुर्द गांव के पास यह हादसा हुआ। बताया गया कि गुजरात से बारात लेकर अकोला जा रही एक क्रूजर का टायर फट गया, जिससे क्रूजर हाईवे पर खड़े एक गैस टैंकर से टकरा गई। दुर्घटना उस समय हुआ, जब दुल्हन शादी के बाद लौट रही थी।

घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक छोटे बच्चे की हालत बेहद नाजुक थी। घटना के कुछ देर बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया।

हालांकि, दुल्हन समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान दुल्हन पूजा रवि वाघलकर, दत्तू भागवत और जगदीश वाघलकर के रूप में की गई।

दूसरी घटना मुंबई में हुई। अधिकारियों ने बताया कि मानखुर्द इलाके में मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान क्रेन का एक हिस्सा पुलिस कांस्टेबल संतोष चव्हाण पर गिर गया। इसमें उनकी मौत हो गई। संतोष चव्हाण नेहरूनगर पुलिस स्टेशन में तैनात थे। जब यह हादसा हुआ, कांस्टेबल संतोष चव्हाण उस समय अपने घर जा रहे थे।

मुंबई पुलिस के अनुसार, ड्रिलिंग मशीन ऊबड़-खाबड़ जमीन पर थी। इसलिए माना जा रहा है कि लैंडस्लाइड की वजह से क्रेन उन पर गिर गई। संबंधित कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ मुंबई के मानखुर्द पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement