बिहार में आकाशीय बिजली का कहर, 4 लोगों की मौत; बारिश-आंधी से जनजीवन

पटना, 29 मई । बिहार में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई।

गया जिले के डुमरिया प्रखंड के भदवर थाना क्षेत्र स्थित किशुनचक गांव में आकाशीय बिजली गिरने से किसान दिनेश यादव की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, दिनेश यादव रोज की तरह शुक्रवार सुबह भैंस चराने के लिए गांव से करीब एक किलोमीटर दूर हरितार क्षेत्र में गए थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गरज-चमक के बीच उन पर बिजली गिर गई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। शव को देखकर उनकी पत्नी बेसुध हो गईं। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी एक बेटी की हाल ही में शादी हुई थी।

भदवर थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। आपदा राहत योजना के तहत मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।

वहीं, गया जिले के ही बाराचट्टी प्रखंड के गुलरवेद गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से 17 वर्षीय मनीषा कुमारी की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गौरी देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। बताया गया कि बारिश शुरू होने पर मां-बेटी घर से बाहर निकलकर एक महुआ के पेड़ के नीचे शरण लेने गई थीं। इसी दौरान पेड़ पर बिजली गिर गई। मनीषा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां का इलाज चल रहा है।

इसके अलावा सारण जिले में आकाशीय बिजली गिरने से चंद्रमा चौधरी की मौत हो गई। वहीं पटना जिले में भी बिजली गिरने की एक घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई।

उधर, सीतामढ़ी समेत कई जिलों में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। काले बादलों के बीच तेज बारिश और आंधी चली, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। टिन शेड उड़ने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी खबरें हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter