मुंबई: चेंबूर इलाके में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से छात्र की मौत, चार बच्चे घायल

मुंबई, 30 जून । महाराष्ट्र के मुंबई के चेंबूर इलाके में हुए हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि चार छात्र घायल हो गए हैं। चेंबूर के रोड नंबर-11 पर स्थित यूनिवर्सल स्कूल की एक बस पर अचानक पेड़ गिर गया। इससे बस में सवार एक छात्र की मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय स्कूल बस में कुल 12 बच्चे सवार थे। अचानक पेड़ गिरने से बस को काफी नुकसान पहुंचा और उसमें सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में कुल 5 छात्रों को चोट आई थी, इसमें एक छात्र गंभीर रूप से घायल था। गंभीर रूप से घायल छात्र को शाम 4:23 बजे मृत घोषित कर दिया गया। छात्र की पहचान विहान श्रीवास्तव के रूप में हुई है। छात्र 11 साल का था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। बस में फंसे सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में घायल चार छात्रों का इलाज चेंबूर स्थित जेन अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए तथा स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद बीएमसी समेत तमाम विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। पेड़ के नीचे दबी बस को भी निकालने का काम शुरू किया गया, जो क्षतिग्रस्त हो चुकी है। मुंबई के डिप्टी मेयर संजय घाडी ने इसे दिल दहला देने वाली घटना बताते हुए जानकारी दी कि बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।

बता दें कि मुंबई में बारिश हो रही है। इस दौरान तेज हवाओं के कारण कई पेड़ों और जर्जर इमारतों के गिरने का खतरा बना रहता है। हर साल बीएमसी इसके लिए तैयारी भी करती है। मानसून की शुरुआत में ही हुई इस घटना ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement