चमोली हेलीकॉप्टर हादसा: सीएम धामी ने जताया गहरा शोक, दुर्घटना की जांच

देहरादून, 30 अक्टूबर । उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरने वाला एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दुर्घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने तथा इसके कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और राहत संबंधी व्यवस्थाएं तत्परता से सुनिश्चित करने को कहा।

जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 1:12 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के कुछ समय बाद जोशीमठ तहसील के चाई गांव के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, भारतीय सेना, पुलिस, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं। हेलीकॉप्टर की तलाश और बचाव अभियान तत्काल शुरू किया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि 9 स्वतंत्र माउंटेन ब्रिगेड से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेना की टीम ने हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत होने की पुष्टि की है। मौके पर आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई जारी है।

चमोली के अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने बताया कि हेलीकॉप्टर में पायलट सहित पांच यात्री सवार थे। दुर्घटना में सभी की मौत हो गई। सभी शव बरामद कर लिए गए हैं और राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को जोशीमठ में कराया जाएगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter