मोहाली में 13 करोड़ की ठगी मामले में 'आप' नेता राकेश सोमन गिरफ्तार

मोहाली, 31 मार्च। पंजाब के मोहाली में एक बड़े धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता राकेश सोमन उर्फ रॉकी को गिरफ्तार किया है।  

यह कार्रवाई एक रियल एस्टेट कारोबारी से 13 करोड़ रुपए से अधिक की कथित ठगी के आरोप में की गई। इस मामले में उनकी पत्नी बलजीत कौर और सहयोगी बिक्रम सूरी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, राकेश सोमन लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहा है। लोकसभा चुनाव के दौरान बहुजन समाज पार्टी ने उसे अपना उम्मीदवार घोषित किया था, हालांकि बाद में उसने पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम लिया। इस पृष्ठभूमि के चलते मामले ने और भी संवेदनशीलता हासिल कर ली है।

पीड़ित कारोबारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राकेश सोमन ने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करके धमकाया। आरोपी ने गैंगस्टरों के जरिए नुकसान पहुंचाने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी, जिससे कारोबारी मानसिक दबाव में आ गया।

घटना के अनुसार, राकेश सोमन एक अन्य मामले में पेशी के लिए अदालत पहुंचा हुआ था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की। इस दौरान उसने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे काबू कर लिया।

पुलिस ने आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच आगे बढ़ा दी गई है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter