दिल्ली यूनिवर्सिटी का छात्र ड्रग सप्लाई में गिरफ्तार, 20 लाख का नशीला पदार्थ बरामद
दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नॉर्थ-वेस्ट जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने एक छात्र को हाइड्रोपोनिक गांजा की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत की प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया गया है।

नई दिल्ली, 9 जून । दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नॉर्थ-वेस्ट जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने एक छात्र को हाइड्रोपोनिक गांजा की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत की प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि विजय नगर डबल स्टोरी इलाके में एक युवक हाइड्रोपोनिक गांजे की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई, इस दौरान 22 वर्षीय जसीम सियादुल फरसान को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 195 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई जा रही है।
जांच में सामने आया कि आरोपी दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष (आठवें सेमेस्टर) का छात्र है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह जल्दी पैसे कमाने के लालच में इस अवैध धंधे में शामिल हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी न केवल खुद इस कारोबार में सक्रिय था, बल्कि कॉलेज के अन्य छात्रों को भी नशे की सप्लाई करता था। वह मांग के अनुसार ग्राहकों को ड्रग्स उपलब्ध कराता था।
डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट आकांक्षा यादव ने बताया कि हाइड्रोपोनिक गांजा, एक उच्च गुणवत्ता वाला प्रतिबंधित मादक पदार्थ है, जिसकी बाजार में भारी मांग रहती है।
थाना मॉडल टाउन में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उसके सप्लाई नेटवर्क, स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
Source: IANS

