बिहार: वैशाली में रास्ते के विवाद ने लिया खूनी रूप, पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या

हाजीपुर, 12 जुलाई । बिहार के वैशाली जिले में रास्ते के पुराने विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में पट्टीदारों के बीच हुई फायरिंग में सेना के एक जवान और उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव के वार्ड संख्या पांच की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रास्ते को लेकर पट्टीदारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार रात भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। रविवार सुबह एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने अपने चचेरे भाई मुनारिक राय और उनके पुत्र जितेंद्र कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से मुनारिक राय की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल जितेंद्र कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र कुमार भारतीय सेना में जवान के पद पर कार्यरत थे।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आपसी पारिवारिक और रास्ते के विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement