मुंबई में एयरफोर्स अफसर के घर फायरिंग और पुलिस को सोशल मीडिया पर चुनौती देने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

मुंबई, 13 जून । मध्य प्रदेश के सतना में भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने और उसके बाद सोशल मीडिया पर लाइव आकर एमपी पुलिस को खुली चुनौती देने वाले दो दुस्साहसी बदमाशों को मुंबई पुलिस ने फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को दक्षिण मुंबई के प्रसिद्ध काला घोड़ा इलाके से उनकी कार समेत दबोचा गया।

मुंबई की कफ परेड (कोलाबा) पुलिस ने सतना पुलिस की टीम के साथ मिलकर यह सफल ऑपरेशन अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों बदमाशों को एमपी पुलिस को सौंप दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में इन बदमाशों ने एयरफोर्स अधिकारी के घर के बाहर देसी पिस्टल से पांच राउंड फायरिंग की। हमले के तुरंत बाद दोनों फरार हो गए। फरारी के दौरान दोनों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर एमपी पुलिस को ललकारा और कहा- 'हमारी अगली गोली अब पुलिस पर चलेगी।' वीडियो वायरल होने के बाद दोनों ने अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिए।

तकनीकी जांच और खुफिया इनपुट के आधार पर सतना पुलिस को पता चला कि दोनों मुंबई भाग गए हैं। सतना पुलिस की विशेष टीम तुरंत मुंबई पहुंची और कफ परेड पुलिस स्टेशन की साइबर टीम के साथ मिलकर छापेमारी शुरू की।

पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी अपनी नेक्सॉन कार लेकर काला घोड़ा इलाके में घूम रहे हैं। कफ परेड पुलिस की टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दोनों को बिना किसी प्रतिरोध के गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों को मौके पर ही संभलने का मौका भी नहीं मिला।

आरोपियों की पहचान अमर सिंह अशोक सिंह परिहार (25 वर्ष) और अभिज्ञान संकटमोचन त्रिपाठी (23 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मध्य प्रदेश के निवासी हैं। सतना के कोलगवां थाने में इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत पहले से ही मुकदमा दर्ज था। मुंबई पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों को सतना पुलिस के हवाले कर दिया। कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद एमपी पुलिस की टीम दोनों आरोपियों को लेकर सतना रवाना हो चुकी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement