पलामू में नवविवाहिता की फंदे से लटकती मिली लाश, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

मेदिनीनगर, 13 जुलाई । झारखंड के पलामू जिले के अंतर्गत सदर थाना क्षेत्र के रजवाडीह गांव से एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटकाने का आरोप मढ़ा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 25 वर्षीय मनीषा देवी के तौर पर हुई है और यह वारदात सोमवार रात की बताई जा रही है।

घटना की सूचना पाते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया। जानकारी के अनुसार, मनीषा का विवाह अप्रैल 2025 में रजवाडीह निवासी मिथलेश साव से हुआ था। मृतका का लगभग दो महीने का एक बेटा है। बताया जा रहा है कि उसका पति आजीविका के सिलसिले में बाहर काम करता है और घटना के वक्त वह घर पर मौजूद नहीं था। मनीषा का मायका लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पुरानी पतर गांव में है।

घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग रजवाडीह पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि मनीषा आत्महत्या नहीं कर सकती थी। उनका कहना है कि उसकी हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फांसी पर लटका दिया गया। मृतका के परिजनों ने उसके देवर, सास, ससुर और ननद पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आवेदन और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement