50 लाख रुपए की एमडीएमए के साथ दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार, 1.19 लाख

ग्रेटर नोएडा, 15 सितंबर । ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो विदेशी मूल के नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत की 600 ग्राम एमडीएमए (सफेद पाउडर) बरामद करने का दावा किया है।

इसके अलावा, आरोपियों के पास से 1 लाख 19 हजार रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, पासपोर्ट, मोबाइल फोन, प्लास्टिक पॉलीथिन पैकेट और बैग भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 15 सितंबर यानी मंगलवार को थाना सूरजपुर क्षेत्र की तिलपता चौकी के अंतर्गत की गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो विदेशी मूल के व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 300-300 ग्राम के दो पैकेट मिले। इन दोनों पैकेटों में कुल 600 ग्राम सफेद पाउडर बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने एमडीएमए बताया है।

बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मादक पदार्थ की तौल के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया है। इसके अलावा दो पासपोर्ट, दो मोबाइल फोन, दो प्लास्टिक पॉलीथिन पैकेट और दो बैग भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

नकदी की गिनती करने पर कुल 1,19,000 रुपये बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 47 वर्षीय पीटर के रूप में हुई है, जो आइवरी कोस्ट के अबिदजान सिटी का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार वह वर्तमान में सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित पैरामाउंट सोसायटी के पाइन टावर में रह रहा था।

दूसरे आरोपी की पहचान 56 वर्षीय माइकल के रूप में हुई है, जो घाना के अकरा सिटी का निवासी बताया गया है। वह भी वर्तमान में पैरामाउंट सोसायटी के पाइन टावर में रह रहा था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से बरामद सफेद पाउडर के संबंध में थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामला पंजीकृत किया गया है।

पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, इसकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और आरोपियों के संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। विदेशी नागरिकों के पास से इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और नकदी बरामद होने के बाद पुलिस मामले की आगे की जांच में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि एमडीएमए कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter