झारखंडः बोकारो के चंद्रपुरा में घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग, दंपती की मौत, पुत्र गंभीर
झारखंड के बोकारो जिले के चंद्रपुरा में अपराधियों ने गुरुवार रात घर में घुसकर एक ही परिवार के तीन लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी की।

बोकारो, 17 सितंबर । झारखंड के बोकारो जिले के चंद्रपुरा में अपराधियों ने गुरुवार रात घर में घुसकर एक ही परिवार के तीन लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। हमले में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका जवान बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
वारदात चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के डीवीसी कॉलोनी स्थित पश्चिमी टोला (पश्चिमी पल्ली) में हुई। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। उनका पुत्र रोहित भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने रोहित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात अज्ञात अपराधी नरेश सिन्हा के घर में दाखिल हुए और परिवार के सदस्यों पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही बेरमो के डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह और चंद्रपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर वहां से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमलावर कितने थे और वे किस रास्ते से घर में दाखिल हुए थे। बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी हत्या के कारण के बारे में कुछ भी कहना उचित नहीं होगा। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि नरेश सिन्हा पहले एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और वर्तमान में सेवानिवृत्त जीवन बिता रहे थे। पुलिस अब परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच में पुलिस कई संभावित पहलुओं को ध्यान में रख रही है। इनमें पुरानी रंजिश, संपत्ति विवाद और लूट की आशंका शामिल है। हालांकि, इनमें से किसी भी कारण की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में भी छानबीन कर रही है।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और घायल रोहित के बयान से जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
Source: IANS

