डिजिटली शोषण करने के मामले में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपियों को किया गिरफ्तार
डिजिटली शोषण करने के मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़ी सामग्री को शेयर करने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

नई दिल्ली, 19 जुलाई । डिजिटली शोषण करने के मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़ी सामग्री को शेयर करने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस की ओर से बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़े मटीरियल को भेजने, डाउनलोड करने, स्टोर करने और फैलाने के खिलाफ 'जीरो-टॉलरेंस' नीति के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। बीते पांच दिनों में इस तरह के पांच मामले दर्ज किए गए हैं। जिसके बाद पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) एक्ट की संबंधित धारा के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपियों के पास से जब्त किए गए डिजिटल डिवाइस को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की पहचान करने के लिए आगे की तकनीकी जांच और छानबीन जारी है।
पुलिस की ओर से यह ऑपरेशन डिजिटल संकेतों और अंतरराष्ट्रीय साइबर टिप-लाइन से मिली जानकारी के बाद शुरू किया गया था, जिसमें सीएसईएएम से जुड़ी गैर-कानूनी ऑनलाइन गतिविधियों की ओर इशारा किया गया था। बाद में तकनीकी जांच से प्रतिबंधित मटीरियल के आदान-प्रदान की पुष्टि हुई, जिसके बाद आपराधिक मामले दर्ज किए गए और पूरे जिले में संयुक्त कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सीधे तौर पर बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़ी सामग्री को अपलोड करने और फैलाने में शामिल पाए गए। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, अन्य डिजिटल हार्डवेयर को जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी विशेषज्ञ जब्त इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का विस्तृत फोरेंसिक विश्लेषण कर रहे हैं और अतिरिक्त डिजिटल फुटप्रिंट्स की जांच कर रहे हैं। इस मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है, और टीमें लगातार अतिरिक्त इंटरनेट फुटप्रिंट्स पर नजर रख रही हैं। जैसे-जैसे बाकी डेटासेट का तकनीकी विश्लेषण आगे बढ़ेगा, इन मामलों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
Source: IANS

