पश्चिम बंगाल के कालिगंज में नाबालिग बच्ची की हत्या मामले में दो और गिरफ्तार

कोलकाता, 24 जून । पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कालिगंज में पिछले साल हुई नाबालिग बच्ची तमन्ना खातून की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पश्चिम बंगाल पुलिस ने बुधवार को जानकारी दी कि मंगलवार देर रात इस मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

यह मामला जून 2025 की उस दर्दनाक घटना से जुड़ा है, जिसमें एक राजनीतिक जुलूस के दौरान हिंसा भड़क गई थी।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान सबित शेख और जियारुल शेख के रूप में हुई है। ये दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस को इनके ठिकाने की पुख्ता जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने छापेमारी कर इन्हें गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों को बुधवार को नादिया जिले की अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस उनकी रिमांड की मांग करेगी।

यह घटना 23 जून को उस समय हुई थी जब कालिगंज विधानसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित किए जा रहे थे। उस चुनाव में टीएमसी की उम्मीदवार अलिफा अहमद की भारी जीत हुई थी। जीत के बाद निकाली जा रही विजय जुलूस के दौरान कथित तौर पर कुछ टीएमसी कार्यकर्ताओं ने नाबालिग बच्ची तमन्ना खातून के घर पर कच्चे बम फेंके थे, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

तमन्ना खातून का परिवार सीपीएम समर्थक बताया गया था। बाद में उसकी मां सबीना इयास्मीन शेख ने हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कालिगंज सीट से सीपीएम उम्मीदवार के रूप में चुनाव भी लड़ा था, लेकिन उन्हें टीएमसी की अलिफा अहमद ने लगातार दूसरी बार हरा दिया।

इस मामले में राज्य प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार थे और गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें पकड़ा गया है।

उधर, मुख्यमंत्री द्वारा तमन्ना की मां से मुलाकात के बाद यह कार्रवाई और तेज मानी जा रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिया था। इसके लगभग 12 घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई।

तमन्ना की मां सबीना इयास्मीन शेख ने इस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री ने की उनकी बातों को ध्यान से सुना और न्याय का आश्वासन दिया था, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की।

वहीं, मुख्यमंत्री ने विधानसभा में चर्चा के दौरान कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement