हजारीबाग में मुठभेड़ के बाद राहुल दुबे गिरोह के दो अपराधी गिरफ्तार, पुलिस की गोली से एक जख्मी

हजारीबाग, 24 जुलाई । हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। पुलिस ने मौके से गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल अपराधी को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के सदस्य चंद्रगुप्त कोल परियोजना क्षेत्र में लेवी वसूलने के उद्देश्य से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर केरेडारी थाना और पगार ओपी पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए बुकरु गांव के पास ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर घेराबंदी की।

पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने जंगल की ओर भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में दो से तीन राउंड जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया।

घायल अपराधी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से पुलिस ने अपराधियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और एक अवैध पिस्तौल बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान अपराधियों ने हथियार फेंकने का भी प्रयास किया था, जिसे जब्त कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार और बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमित आनंद मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। उनसे राहुल दुबे गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क तथा लेवी वसूली से जुड़े मामलों के बारे में जानकारी ली जा रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement