सीबीआई की कार्रवाई, महादेव बेटिंग ऐप मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 24 सितंबर । केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप स्कैम के मुख्य और वॉन्टेड आरोपियों में से एक अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। उसे दुबई से हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया।

सीबीआई की ओर से की गई अब तक की जांच से पता चला है कि अभिषेक कुमार 'महादेव बुक' के तहत ऑनलाइन बेटिंग और जुए का काम चलाने, पैनल को कोऑर्डिनेट करने, फंड इकट्ठा करने और बेटिंग व जुए से हुई अवैध कमाई से दुबई में अचल संपत्ति खरीदने में सक्रिय रूप से शामिल था।

गिरफ्तारी के तुरंत बाद तलाशी के दौरान उसके पास से आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई। जब्त की गई सामग्री से महादेव बेटिंग ऐप के संचालन में उसकी सक्रिय भूमिका का पता चलता है और वह अन्य मुख्य आरोपियों, जैसे सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था।

गिरफ्तारी के तुरंत बाद आरोपी को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया और तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड ली गई। बाद में उसे रायपुर अदालत में पेश किया गया और दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया।

बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े छत्तीसगढ़ के अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में दर्ज 13 एफआईआर को सीबीआई को सौंप दिया था, जिन्हें सीबीआई ने अपने हाथ में ले लिया। अब तक, सीबीआई ने इस मामले में 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट दायर की हैं, जिनमें महादेव बेटिंग ऐप के मुख्य प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर, हवाला ऑपरेटर और छत्तीसगढ़ सरकार के सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। फरार अन्य आरोपियों का पता लगाने के लिए एजेंसी की ओर से आगे की जांच जारी है।

वहीं, महादेव बेटिंग ऐप के मुख्य प्रमोटरों को मुकदमे का सामना करने के लिए भारत वापस लाने की कोशिशें की जा रही हैं। अब तक, 7 रेड कॉर्नर नोटिस और 2 प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं और 2 आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter